सहारनपुर में 4 फर्जी आर्मी एस्पिरेन्ट्स गिरफ्तार, प्रदर्शन करने के लिए युवाओं को उकसा रहे थे

4 fake army aspirants arrested in Saharanpur
Highlights
- देशभर में जारी अग्निपथ योजना को लेकर हिंसक बवाल
- उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में पुलिस का बड़ा एक्शन
- पुलिस ने 4 फर्जी आर्मी एस्पिरेन्ट्स को किया गिरफ्तार
Agneepath: उत्तर प्रदेश की सहारनपुर पुलिस ने 4 फर्जी आर्मी एस्पिरेन्ट्स को गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक ये सभी अलग-अलग राजनैतिक दलों से जुड़े हुए हैं। पुलिस ने बताया कि पकड़े गए चारों आरोपी आर्मी एस्पिरेन्ट्स को प्रदर्शन करने के लिए उकसा रहे थे। इनमें से एक आरोपी, पराग पंवार NSUI से जुड़ा हुआ था।
अग्निपथ प्रदर्शन को लेकर यूपी में 133 गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के कोतवाली पुलिस थाने में शुक्रवार को केंद्र की अग्निपथ योजना के खिलाफ प्रदर्शन को लेकर पुलिस ने 400 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया। इतना ही नहीं पुलिस ने अब तक कुल 133 लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भी भेजा है। अग्निपथ योजना के विरोध को लेकर शुक्रवार को जिला मुख्यालय पर उपद्रव करने के आरोप में पुलिस ने शनिवार को 24 उपद्रवी तत्वों को गिरफ्तार किया, जिन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
इसके पहले अदालत ने विरोध-प्रदर्शन के सिलसिले में गिरफ्तार 109 लोगों को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस क्षेत्राधिकारी (नगर) प्रीति त्रिपाठी ने शनिवार शाम को बताया कि बलिया शहर कोतवाली पुलिस ने हिंसा के मामले में दर्ज प्राथमिकी में शनिवार को 17 उपद्रवी तत्वों को गिरफ्तार किया और इसके अलावा दो उपद्रवी तत्वों को शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।